प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा में सफाई, सीवर और फायर कर्मचारियों की हड़ताल अब 18 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। कर्मचारी 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। 13 मई 2026 को सरकार के साथ हुए समझौते की मांगें लागू नहीं होने से कर्मचारी नाराज हैं। हड़ताल के कारण शहर के बाजारों और रिहायशी इलाकों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं।

संविधान चौक पर डंपर से सड़क पर डाला कूड़ा
मंगलवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारी कूड़े से भरा डंपर लेकर संविधान चौक पहुंचे और सड़क पर कूड़ा फैला दिया। इसके चलते सड़क पर कूड़े का ढेर लग गया और यातायात प्रभावित हुआ।
जीटी रोड पर लगा लंबा जाम
सड़क पर कूड़ा फैलने के बाद आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल गई। जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। इसके बाद प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
18 अगस्त को मनाएंगे विश्वासघात दिवस
कर्मचारियों ने कहा कि सरकार के साथ 13 मई को हुए समझौते की मांगें अभी तक लागू नहीं हुई हैं। इसी के विरोध में हड़ताल को 18 अगस्त तक बढ़ाया गया है। कर्मचारी 18 अगस्त को ‘विश्वासघात दिवस’ मनाएंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना और लंबे समय से खाली पदों पर नियमित भर्ती करना शामिल है। इसके अलावा 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते को तुरंत लागू करने की मांग की जा रही है।
कर्मचारी न्यूनतम वेतन 15,200 रुपये और 5,000 रुपये जोखिम भत्ता देने की मांग भी कर रहे हैं। इसके साथ ही गुरुग्राम में हटाए गए 3,480 कर्मचारियों की बहाली और नगर निकायों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग है।
हड़ताल से सफाई व्यवस्था प्रभावित
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई इलाकों में कूड़ा जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


