कुंदन कुमार, पटना। लोक सेवक भवन में आज एनडीए की बड़ी बैठक हो रही है। बैठक में आए सभी मंत्री, सभी दल के जिलाध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद बैठक कर रहे हैं। एनडीए की बैठक को लेकर जदयू सांसद संजय झा ने कहा कि, एनडीए की बैठक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर हो रही है।
पांच दलों के सारे जिला अध्यक्ष इस मीटिंग में रहेंगे, पार्टी के सीनियर नेता रहेंगे, बिहार सरकार के मंत्री रहेंगे, हर जिला में समन्वय रहे सिर्फ पटना में समन्वय नहीं रहे, जिला और ब्लॉक में भी समन्वय में रहे। इसे लेकर यह एनडीए की यह बैठक बुलाई गई है।
‘मंत्रियों और जिलाध्यक्षों से ली जाएगी फीडबैक’
संजय झा ने कहा कि, सभी पार्टी के जिला अध्यक्ष इस बैठक में मौजूद रहेंगे। इस दौरान हर जिले की जानकारी भी मिलेगी की क्या हो रहा है? क्या नहीं हो रहा है? इसके अवाला चुनाव के बाद सरकार को लेकर जनता के बीच क्या फीडबैक है? इसकी भी जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा सभी मंत्रियों और जिलाध्यक्षों से जमीनी फीडबैक ली जाएगी, जिसके अनुसार योजनाओं को बनाने में काफी सहायता मिलेगी।
टीएमसी और इंडिया गठबंधन का दिया उदाहरण
संजय झा ने आगे कहा कि, टीएमसी का क्या हाल हो गया? यह पूरे देश देख रहा है, पार्टी जिस तरह से चल रही थी। ना कोई विचारधारा था, ना जनता का कोई कमिटमेंट था। वहीं, हाल इंडिया गठबंधन का भी है, चुनाव अलग-अलग लड़ते हैं और फिर आपस में एकजुट हो जाते हैं।
दिलीप जायसवाल ने की पहल की सराहना
वहीं, बीजेपी नेता और बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, आज का बैठक महत्वपूर्ण है और ये मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अच्छी पहल है, जिस तरह बिहार के लोगों ने पिछले चुनाव के एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया और सरकार बनी। कार्यकर्ताओं ने भी काफी मेहनत किया, अब समय आ गया है कि कार्यकर्ताओं के भावना को समझा जाए। इसीलिए घटक दल के सभी जिलाध्यक्षों को भी बुलाया गया है। किसी का कोई सुझाव होगा, तो उसको भी देखा जाएगा। सरकार कैसे चल रही है? कहां कोई कमी है? इस पर भी चर्चा होगी।
NDA के लिए अच्छी पहल- संजय कुमार सिंह
एलजेपीआर नेता बिहार सरकार में मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि, यह महत्वपूर्ण बैठक इसलिए भी है क्योंकि पहली बार NDA के सभी जिला अध्यक्षों को बुलाया गया है, प्रदेश अध्यक्ष हैं, सभी मंत्री हैं। यह बिहार, NDA के लिए अच्छी पहल है। मुख्यमंत्री जानना चाहते कि क्या कमी, दिक्कत हैं, सभी अपनी बातों को रखेंगे।
ये भी पढ़ें- ’10 हजार का हिसाब चुकता करेगी जनता’, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान

