कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में वार-पलटवार का दौर जारी है। बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और विधान परिषद सदस्य (MLC) संजय मयूख ने विपक्ष के आरोपों पर कड़ा प्रहार करते हुए साफ कर दिया है कि बिहार में कानून का राज है और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। ​संजय मयूख ने कहा कि बिहार की जनता ने वर्तमान सरकार पर जो अटूट विश्वास जताया है, हमारी सरकार उसी ‘एतबार’ को अपनी ताकत मानकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए सरकार जनता के भरोसे का सम्मान करते हुए निरंतर विकास कार्यों में जुटी है। सरकार का एकमात्र लक्ष्य जन-कल्याण और राज्य की प्रगति है।

विपक्ष के पास मुद्दों का अभाव

​विपक्ष द्वारा कानून-व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए मयूख ने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। जनता का समर्थन खोने के बाद वे हताशा में हैं और ‘कुछ से कुछ’ बोलकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि जनता अब विपक्ष के इस भ्रामक प्रचार के झांसे में आने वाली नहीं है।

​पाताल से भी ढूंढ निकाले जाएंगे अपराधी

​हालिया घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए मयूख ने अपराधियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रहा है। विपक्ष जिस भी मामले को तूल देने की कोशिश कर रहा है, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि नीतीश-भाजपा सरकार में अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे। मयूख ने कड़े शब्दों में कहा- अपराधी चाहे पाताल में भी क्यों न छिपे हों, उन्हें ढूंढकर हवालात की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
​मयूख ने स्पष्ट किया कि न्याय की प्रक्रिया निरंतर जारी है और विपक्ष को बेवजह की बयानबाजी करने के बजाय सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए।