Bihar News: पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कल गुरुवार (7 मई) को कोलकाता में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि दीदी (ममता बनर्जी) आप चुनाव हारी नहीं हैं। चुनाव में धांधली हुई है। वहीं, अभिषेक को गले लगाते हुए कहा कि, आप सबने अच्छा चुनाव लड़ा। हम आपके साथ है।

‘अखिलेश का भी साफ होगा सूपड़ा’

अखिलेश यादव के इस बयान पर बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, ममता बनर्जी को 81 सीटें मिली हैं। क्या वहां पर धांधली नहीं हुई है। संजय सरावगी ने आगे कहा कि, अगले साल उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव हैं। अखिलेश यादव का भी सूपड़ा साफ होने वाला है। ममता बनर्जी सड़क पर आ गई हैं। INDI गठबंधन खंड-खंड हो रहा है।

देशवासियों के लिए लिखा खुला पत्र

ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर देशवासियों के लिए एक खुला पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने बीजेपी की मौजूदा केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला था। अखिलेश ने लिखा- आज प. बंगाल आकर चुनाव की महाधांधली और महाबेईमानी के बारे में जानकर ये लगा कि अब बात केवल चुनाव की प्रक्रिया को बचाने की नहीं है, देश को बचाने की है। आज देश उन गलत हाथों में चला गया है जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता, समता-समानता, न्याय, गरिमा, देश की एकता-अखंडता, सद्भाव-सौहार्द-बंधुत्व, महिलाओं के मान-सम्मान, युवाओं, किसानों, मज़दूरों, शोषित, वंचित, ग़रीब कुल मिलाकर पीड़ित-पीडीए के वर्तमान व भविष्य के हक़ और अधिकारों के घोर विरोधी हैं। भाजपाई और उनके मुख़बिर संगी-साथी आज़ादी से पहले भी देश के विरोधी थे और आज़ादी के बाद भी हैं।

अंत में उन्होंने लिखा कि- अब वो निर्णायक समय आ गया है, जब हम सबको मिलकर इन देश विरोधी नकारात्मक ताक़तों को हमेशा के लिए हराना होगा, देश को बचाना होगा, और देश की नई आज़ादी के लिए तिंरगा उठाना होगा।

बंगाल चुनाव में टीएमसी की बुरी हार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सत्ताधारी दल टीएमसी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। 293 सीटों में से बीजेपी ने 206 सीटें जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत प्राप्त किया। वहीं, टीएमसी महज 81 सीटों पर ही सिमट गई। 2021 में हुए चुनाव के मुकाबले ममता की टीएमसी को 134 सीटों को नुकसान हुआ है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा पहली बार अपनी सरकार बनाने जा रही है। वहीं, 15 साल से बंगाल की सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी के लिए यह बड़ी हार है। टीएमसी के हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य की मुख्यमंत्री होकर भी ममता बनर्जी अपनी सीट नहीं बचा पाई। भवानीपुर सीट से बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15, 501 वोटों से चुनाव हराया।

ये भी पढ़ें- ‘घंटो जाम, समय व पैसों की बर्बादी’, PM मोदी के दौरे से बिहार को क्या मिला? उठ रहे सवाल