Bihar News: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान किया है। तेजस्वी के इस ऐलान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, उन्हें जरा हेमंत सोरेन, झारखंड के मुख्यमंत्री आवास पर जाकर पदयात्रा करनी चाहिए। छात्र एक पखवाड़े से वहां अनशन पर बैठे हैं। पेपर लीक हुआ है। जरा कांग्रेस और तेजस्वी यादव वहां पर पदयात्रा करें। मुख्यमंत्री आवास मार्च करें। वहां देखें क्या हालात हैं?
संजय सरावगी ने आगे तंज कसते हुए कहा कि, इन लोगों को जंतर-मंतर दिखाई पड़ता है, लेकिन रांची दिखाई नहीं पड़ता है। कैसे पेपर लीक हुआ? कांग्रेस को और तेजस्वी यादव को हेमंत सोरेन पर दबाव बनाना चाहिए। छात्रों की मांग मनवानी चाहिए। न कि बिहार में राजभवन मार्च करना चाहिए। इनको तो जाकर रांची में राजभवन मार्च करना चाहिए।
कश्मीर राग अलापने पर पाकिस्तान को दी चेतावनी
वहीं, पाकिस्तान के कश्मीर राग अलापने पर संजय सरावगी ने कहा कि, पाकिस्तान अनर्गल प्रलाप करता है। भारत अब वो देश नहीं है। अब पाकिस्तान के अंदर घुसकर ऑपरेशन सिंदूर करने वाला भारत है। आज भारत की सेना इतनी मजबूत है। विश्व की चौथी सबसे बड़ी सैन्य शक्ति देश है। इस तरह का अनर्गल प्रलाप करेगें? आपने देखा है, पाकिस्तानियों ने देखा है, कैसे ऑपरेशन सिंदूर हुआ। इसलिए ये अनर्गल प्रलाप करना बंद करें।
सोनिया और राहुल गांधी पर कसा तंज
स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् गाते हुए सोनिया गांधी के वायरल वीडियो पर संजय सरावगी ने कहा कि, जिस तरह राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का अपमान कांग्रेस मुख्यालय पर किया गया, यह देश की जनता किसी हालत में भी बर्दाश्त नहीं कर सकती। तुष्टीकरण की राजनीति में इतनी हद तक सोनिया गांधी और राहुल गांधी गिर जाएंगे, यह कभी भी सोचा नहीं जा सकता था।
उन्होंने कहा कि, तुष्टीकरण में, सांप्रदायिकता में, वोट बैंक की राजनीति में हमेशा इन लोगों ने राष्ट्रहित से समझौता किया है। और कल तो पूरा देश देख रहा था। जिस तरह दो पैरा के बाद वंदे मातरम् बजने लगा, ऐसी छटपटाहट, अकुलाहट इन लोगों को हो रही थी, जैसे क्या बज रहा है? अरे भाई, देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है राष्ट्रगीत।
ये भी पढ़ें- ‘19 अगस्त को राजद का राजभवन मार्च’, सीवान AK-47 फायरिंग कांड को लेकर तेजस्वी ने भरी हुंकार


