गुरुग्राम. ED की कार्रवाई का सामना कर रहे पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को सोमवार को गुरुग्राम कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मंत्री संजीव अरोड़ा को राहत न देते हुए आगामी 1 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वही पेशी के दौरान उनके घर वाले भी आए थे, जिन्हें देख कर मंत्री बेहद भावुक हो गए.

गुरुग्राम अदालत में पेशी के दौरान मंत्री संजीव अरोड़ा बेहद परेशान नजर आए. लगातार कई दिनों की कस्टडी के कारण उनकी शारीरिक हालत काफी कमजोर दिखाई दे रही थी और उनकी दाढ़ी भी बढ़ी हुई थी. इस मुश्किल घड़ी में जब कोर्ट परिसर में उनका सामना अपने परिवार से हुआ, तो माहौल बेहद भावुक हो गया. संजीव अरोड़ा अपने परिजनों को देखकर खुद पर काबू नहीं रख सके और उन्हें गले लगा लिया. वह काफी देर तक अपने परिवार को दिलासा देते नजर आए.

9 मई को हुई गिरफ्तारी

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत बीते 9 मई को हुई थी, जब ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में जाल बिछाकर मंत्री संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने उन्हें कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए पहले 7 दिनों का रिमांड हासिल किया था. इसके बाद जांच अधूरी रहने का हवाला देकर एजेंसी ने फिर से 2 दिनों का अतिरिक्त रिमांड लिया. अब कुल 9 दिनों की लंबी पूछताछ और रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें दोबारा अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश जारी हुआ.