पंकज श्रीवास्तव/छपरा। सारण जिले के पानापुर प्रखंड के सरौजा भगवानपुर में बाढ़ के पानी ने पहले ही दिन दो युवकों की जान ले ली। पानी की तेज धारा में बहने से दो युवकों की डूबकर मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की तत्परता से दो अन्य युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतकों की पहचान खजुरी गांव निवासी मंजय कुमार के 17 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार और चकिया गांव निवासी सुरेंद्र राय के पुत्र अनिल राय के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार चारों युवक बाढ़ के पानी के बीच सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पानी की तेज धारा में चारों बहने लगे। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और किसी तरह दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि सत्यम कुमार और अनिल राय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद टीम ने दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही राजद नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर मृत युवकों के परिजनों को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।

दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है। बाढ़ के पानी में हुए इस हादसे ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।