पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी ई० आनंद पुष्कर के समर्थन में छपरा के सिटी गार्डन में एक भव्य शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की और शिक्षक-शिक्षिकाओं से एनडीए प्रत्याशी को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की।
शिक्षकों के सम्मान और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। उनकी भूमिका केवल अध्यापन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बेहतर भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, उनके सम्मान और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सकारात्मक बदलाव के लिए सरकार, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।


अल्पसंख्यक समुदाय से प्रथम वरीयता मत की अपील
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने अल्पसंख्यक समाज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और मतदाताओं से विवेकपूर्ण मतदान करने की अपील की। उन्होंने आग्रह किया कि शिक्षक समाज के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के लिए ई० आनंद पुष्कर को प्रथम वरीयता का वोट देकर मजबूत बनाएं।
शिक्षक समाज की आवाज बनेगा योग्य प्रतिनिधि: सिग्रीवाल
महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि एक विकसित समाज की पहचान शिक्षकों के सम्मान से होती है। शिक्षकों की मांगों को सही मंच पर उठाने के लिए एक योग्य प्रतिनिधि का चुनाव जरूरी है। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
एनडीए कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव प्रभारी और मांझी विधायक रणधीर सिंह ने बताया कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ सिंह, जनक सिंह, विधान पार्षद प्रो० वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व मंत्री जनक राम समेत कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में शिक्षक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

