नयागढ़: ओडिशा के नयागढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शरणकुल थाने के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज सुजीत कुमार दास पर एक महिला ने पद का दुरुपयोग करने और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है. शिकायत दर्ज होने के बाद, प्रशासन ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी थाना प्रभारी को जिला पुलिस मुख्यालय ट्रांसफर कर दिया है.

नयागढ़ के पुलिस अधीक्षक सुवेंदु कुमार पात्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अधिकारी सुजीत कुमार दास के खिलाफ शरणकुल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच के दौरान किसी भी तरह के टकराव या प्रभाव से बचने के लिए यह ट्रांसफर किया गया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी कमान एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस को सौंपी गई है.

पीड़िता द्वारा SP को सौंपी गई शिकायत के अनुसार, कुछ समय पहले ग्रामीणों द्वारा प्रताड़ित और मारपीट किए जाने के बाद वह न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर सारणकुल थाने पहुंची थी. महिला का आरोप है कि उसकी मजबूरी और लाचारी का फायदा उठाते हुए थाना प्रभारी ने उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिया और नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं.

थाना प्रभारी उसे देर रात वीडियो कॉल सहित लगातार फोन करता था. सुरक्षा का झांसा देकर वह उसे नयागढ़ शहर के एक होटल और बौंसिया में एक किराए के मकान सहित अलग-अलग जगहों पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोपी ने पुलिस सहायता और गांव में स्थायी पुनर्वास का वादा कर उसे चुप रहने पर मजबूर किया.

शिकायत में आगे कहा गया है कि जब महिला ने इस पूरी घटना को सार्वजनिक करने की धमकी दी, तो अधिकारी ने कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया और उसमें मौजूद सभी रिकॉर्डिंग्स व तस्वीरें डिलीट कर दीं.

इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि छुट्टी से लौटने के बाद अधिकारी उसे जबरन थाने के अंदर ले गया, जहाँ उसे ‘थर्ड-डिग्री’ टॉर्चर दिया गया. बाद में उसे एक झूठे मामले में फंसाकर जेल भेज दिया गया. महिला ने अब न्याय की मांग करते हुए अधिकारी के मोबाइल फोन की जांच और थाने के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के सत्यापन की मांग की है, ताकि सच सामने आ सके.

इस घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चाओं का बाजार गर्म है. गुरुवार को जब पीड़िता अपनी शिकायत के सिलसिले में SP ऑफिस पहुंची, तो आरोपी अधिकारी और उसकी पत्नी भी वहां मौजूद थे, जिन्होंने कथित तौर पर महिला से मिलने की कोशिश की.

नयागढ़ SP सुवेंदु कुमार पात्रा ने कहा: “हमने शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया है. शिकायतकर्ता महिला पहले एक अन्य मामले में अदालती कार्यवाही का सामना कर रही थी और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आई है. वर्तमान आरोपों की जांच ‘क्राइम अगेंस्ट वीमेन एंड चिल्ड्रन विंग’ (CAW&CW) के एक डीएसपी रैंक के अधिकारी को सौंप दी गई है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

फिलहाल, आरोपी अधिकारी सुजीत कुमार दास का मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं और रिपोर्ट आते ही सख्त कदम उठाए जाएंगे.