बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है. फिल्म की स्टारकास्ट और भव्यता लगातार चर्चा में है. इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक बेहद भावुक पल सामने आया है, जिसने फैंस का दिल जीत लिया. एक्ट्रेस सरगुन मेहता (Sargun Mehta) अपने पति और एक्टर रवि दुबे (Ravi Dubey) को फिल्म में लक्ष्मण के किरदार में देखकर इतनी भावुक हो गईं कि उनकी आंखों से खुशी के आंसू नहीं रुके. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर किया है.

दरअसल, फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) का ट्रेलर हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक खास प्रीव्यू इवेंट में चुनिंदा मेहमानों और फिल्म की टीम को दिखाया गया. इस खास मौके पर रवि दुबे (Ravi Dubey) के साथ उनकी पत्नी सरगुन मेहता (Sargun Mehta) भी मौजूद थीं. ट्रेलर देखने के बाद सरगुन अपने पति के अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस से बेहद भावुक हो गईं थीं. वहीं, इस मौके पर रवि भी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए. स्टेज पर बातचीत के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं और आवाज भर्रा गई. उन्होंने कहा कि लक्ष्मण जैसा महान और आदर्श किरदार निभाना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है. रवि ने फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन पर इतना बड़ा भरोसा जताना उनके करियर का सबसे बड़ा सम्मान है.
इंस्टाग्राम पर लिखा इमोशनल नोट
दिल्ली में आयोजित इस प्रीव्यू इवेंट की फोटोज और वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए सरगुन मेहता (Sargun Mehta) ने बताया कि उनका दिल खुशी से भर गया है और वह लगातार रो रही थीं. अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा- “मेरा दिल खुशी से भरा हुआ है. मैं रोना बंद नहीं कर पा रही हूं और अभी कुछ लिख भी नहीं पा रही हूं. 24 जुलाई 2026 का इंतजार है, जब पूरी दुनिया इस ट्रेलर को देखेगी. हमें यहां तक लाने के लिए मुकेश छाबड़ा का बहुत-बहुत धन्यवाद. हमेशा आपका एहसान रहेगा. जय श्री राम.”
बता दें कि सरगुन मेहता (Sargun Mehta) ने अपने पोस्ट में मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ाका खास तौर पर आभार व्यक्त किया, जिन्होंने रवि दुबे (Ravi Dubey) को लक्ष्मण जैसे महत्वपूर्ण किरदार के लिए चुना. उन्होंने कहा कि यह पल रवि की वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है. सरगुन ने आगे लिखा, “हर सांस के साथ मैं भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं. यह उनकी मेहनत का फल है.”
ये है फिल्म की शानदार स्टारकास्ट
नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ (Ramayana) भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. फिल्म में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) भगवान राम, साई पल्लवी (Sai Pallavi) माता सीता, यश (Yash) रावण, सनी देओल (Sunny Deol) भगवान हनुमान और रवि दुबे (Ravi Dubey) लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे. इसके अलावा काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal) मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh) शूर्पणखा और कुणाल कपूर (Kunal Kapur) भगवान इंद्र के किरदार में दिखाई देंगे.
दो भाग में आएगी फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है. फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा. पहला भाग इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग अगले साल 2027 दिवाली के मौके पर रिलीज होगा.


