बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही (Nora Fatehi) गुरुवार (7 अप्रैल) को कथित तौर पर राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुईं। मामला उनकी आने वाली फिल्म ‘केडी द डेविल’ के एक गाने ‘सरके चुनर’ के बोलों से जुड़े विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, NCW ने इस मामले में उन्हें समन जारी किया था, जिसके बाद वे आयोग के सामने पेश हुईं। बैठक के दौरान एक्ट्रेस ने कथित विवाद पर लिखित माफी भी दी है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी के तहत कुछ अनाथ बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की बात कही है।

सूत्रों के अनुसार, एक्ट्रेस ने मामले पर संक्षेप में अपनी बात रखते हुए कहा कि एक कलाकार के रूप में वह अपनी जिम्मेदारी समझती हैं और उन्होंने इस विवाद के बाद लिखित माफी भी दी है। नोरा फतेही ने कहा “एक कलाकार होने के नाते, मैंने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए माफी मांग ली है। मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।” उन्होंने यह भी बताया कि वह सामाजिक जिम्मेदारी के तहत कुछ अनाथ लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का निर्णय ले रही हैं।

गाने पर लोगों ने जताया कड़ा ऐतराज

कथित विवादित गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर फिल्म ‘केडी द डेविल’ चर्चा में है। यह फिल्म मूल रूप से एक कन्नड़ भाषा की प्रोजेक्ट है, जिसे हिंदी समेत चार अन्य भाषाओं में डब किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गाने का हिंदी वर्जन 15 मार्च को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था, जिसके बाद इसके फिल्मांकन और बोलों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई दर्शकों ने इसे लेकर आपत्ति जताई और विरोध दर्ज कराया। विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने गाने को यूट्यूब से हटा दिया, हालांकि यह कुछ अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बाद में भी उपलब्ध रहा। इस पूरे मामले पर फिल्म से जुड़े गीतकार, गायक और निर्देशक की ओर से भी माफी मांगे जाने की जानकारी सामने आई है।

संजय दत्त भी पिछले महीने हुए थे पेश

फिल्म ‘केडी द डेविल’ से जुड़े गाने के विवाद को लेकर पिछले महीने अभिनेता संजय दत्त भी NCW के सामने पेश हुए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने समाज में किसी भी प्रकार की भावनात्मक ठेस पहुंचने पर खेद जताते हुए लिखित माफीनामा सौंपा था। मामला गाने के बोल और उसके कथित आपत्तिजनक प्रस्तुतीकरण से जुड़ा बताया गया था।

संजय दत्त ने सामाजिक जिम्मेदारी के तहत 50 आदिवासी लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का भी वादा किया था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि आगे से वे ऐसी किसी फिल्म का हिस्सा नहीं बनेंगे, जिसमें महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचने की आशंका हो। फिल्म ‘केडी द डेविल’ को लेकर चल रहे विवाद में पहले से ही कई क्रिएटिव टीम सदस्य भी माफी मांग चुके हैं। यह फिल्म मूल रूप से एक कन्नड़ प्रोजेक्ट है, जिसे कई भाषाओं में डब किया गया है और इसके गानों को लेकर अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर विरोध दर्ज किया गया था।

ऐसे कंटेट पर महिला आयोग की सख्ती

आयोग का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर परोसी जाने वाली किसी भी अनुचित या आपत्तिजनक सामग्री पर अब गंभीरता से नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों को तलब किया जाएगा और उचित कार्रवाई के लिए सिफारिशें भी की जाएंगी। NCW ने यह भी स्पष्ट किया है कि महिलाओं की गरिमा और भावनाओं से जुड़ी किसी भी तरह की प्रस्तुति में लापरवाही या आपत्तिजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और फिल्म इंडस्ट्री दोनों को जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m