Sarpanch Election Rajasthan 2026: पंचायत चुनावों की घोषणा के साथ सरपंच पद के दावेदार प्रचार में जुट गए हैं। इसी बीच बीकानेर की पूगल तहसील की ग्राम पंचायत आडूरी में सरपंच पद के दावेदार नखतराम जाट मेघवाल ने अपने 13 वादों को 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर लिखकर सार्वजनिक किया है। उन्होंने घोषणा की है कि अगर उनके वादे दो साल में पूरे नहीं हुए तो वे सरपंच पद से इस्तीफा दे देंगे। भ्रष्टाचार को लेकर भी उन्होंने लिखित संकल्प किया है कि उनके कार्यकाल में एक रुपए का भी घोटाला साबित होने पर पंचायत सभा के सामने पद छोड़ देंगे।

स्टाम्प पेपर पर लिखे 13 वादे
नखतराम जाट मेघवाल के घोषणा-पत्र में पंचायत स्तर पर सरकारी अस्पताल के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था और सड़क तक पहुंच सुनिश्चित करने का वादा है। बुजुर्गों को पेंशन के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, इसके लिए पंचायत में सुबह-शाम ई-मित्र सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है। उन्होंने सरकारी आवास और शौचालय स्वीकृत कराने के लिए आमजन से कोई पैसा नहीं लेने का संकल्प लिया है। मनरेगा में सरपंच का हस्तक्षेप नहीं रखने और नियमानुसार काम कराने की बात भी घोषणा-पत्र में शामिल है। सरकारी स्कूल में शिक्षकों, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं में सुधार का वादा किया गया है। गांव की गलियों और मुख्य रास्तों की पक्की सड़क और मरम्मत के साथ चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने की बात भी कही गई है।
हर महीने जनसुनवाई और सरकारी काम का हिसाब
घोषणा-पत्र में सरकारी योजनाओं, पट्टों और प्रमाण-पत्रों से जुड़े काम में पारदर्शिता रखने का वादा किया गया है। पंचायत मुख्यालय पर हर महीने एक बार आम सभा, वार्ड सभा और जनसुनवाई आयोजित करने की बात भी लिखी गई है। विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था का वादा किया गया है। इसके अलावा हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, गांव की गलियों की नियमित सफाई और हर साल ग्राम बैठक में ग्रामीणों को सरकारी कार्यों का पूरा हिसाब देने की बात कही गई है।
श्मशान और कब्रिस्तान की चारदीवारी का भी वादा
घोषणा-पत्र में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के श्मशान व कब्रिस्तान की चारदीवारी कराने का वादा भी शामिल है। इसके साथ एक खेल मैदान और बस स्टैंड के निर्माण की बात कही गई है। घोषणा-पत्र पर नखतराम जाट मेघवाल के हस्ताक्षर हैं। इस पर नोटरी की सत्यापन मुहर भी लगी है। 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर लिखे इन वादों को लेकर आडूरी ग्राम पंचायत में चर्चा बनी हुई है।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

