सुशील सलाम, कांकेर। पिछले एक वर्ष से ग्राम पंचायतों में किसी भी प्रकार के विकास कार्य आवंटित नहीं किए जाने से नाराज कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया।

सरपंचों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते एक साल से पंचायतों में कोई भी नया विकास कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है, जिसके चलते गांवों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि लगातार मांग और पत्राचार के बावजूद प्रशासन द्वारा इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।

सरपंचों ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी है और जनप्रतिनिधियों को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। इसी के विरोध में सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफा सौंपने का निर्णय लिया।

इस दौरान सरपंचों ने प्रशासन से जल्द पंचायतों में विकास कार्य स्वीकृत करने तथा लंबित योजनाओं को शुरू कराने की मांग की है। वहीं सामूहिक इस्तीफे की घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m