अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बड्डी थाना क्षेत्र के बरुआ गांव में मामूली से चारे के पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद इस कदर बढ़ा कि एक युवक को गोली मार दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

​बकाये पैसे के लिए खूनी संघर्ष

​मिली जानकारी के अनुसार, विवाद गांव के ही दीपक बिंद और कमल यादव के बीच था। बताया जा रहा है कि कमल यादव का चारे (पशु आहार) का पैसा दीपक पर बकाया था। इसी बकाये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में यह बहस सामान्य थी, लेकिन देखते ही देखते कमल यादव उग्र हो गया और उसने हथियार निकाल कर दीपक पर फायरिंग कर दी।

​हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

​गोली सीधे दीपक बिंद की आंख के पास जाकर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (BHU) रेफर कर दिया है। वर्तमान में युवक की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।

​आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी

​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमल यादव मौके से फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि महज कुछ रुपयों के लिए इस तरह की जानलेवा घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।