अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के पहाड़िया गांव में जमीन के पुराने विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और धारदार हथियार के हमले में 30 वर्षीय युवक नवीन कुमार सिंह उर्फ सीटू सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में मृतक के परिवार के पांच अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
वर्षों पुराना जमीन विवाद बना हत्या की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के ही शिवकुमार सिंह और लाल बाबू सिंह के परिवारों के बीच पिछले कई सालों से जमीन का एक टुकड़ा को लेकर मालिकाना हक का विवाद चल रहा था। शनिवार को यह विवाद अचानक तूल पकड़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान जमकर हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
धारदार हथियार से हमला, मां और भाई भी घायल
झगड़े के दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर नवीन कुमार सिंह की मौके पर ही हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में नवीन की माता पार्वती देवी, भाई प्रवीण कुमार सिंह सहित परिवार के अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, जिसके बाद घायलों को तुरंत सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।


पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक बंदूक भी बरामद की है। साथ ही, मामले में संलिप्तता के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस संवेदनशील मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारी फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

