अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत मचवार गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में 44 वर्षीय एक महिला की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सरिता देवी के रूप में हुई है जो छह बच्चों की मां थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा है।
खेत में साग तोड़ने गई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरिता देवी अपने दैनिक कार्यों के लिए खेत में साग तोड़ने गई थी। इसी दौरान उसका सामना पड़ोसी कमलेश बिंद से हुआ। पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सरिता देवी और कमलेश बिंद के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर तनाव बना रहता था। आज खेत में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कमलेश बिंद ने आक्रोश में आकर सरिता देवी के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पति परदेश में, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के समय मृतका का पति रोजी-रोटी की तलाश में परदेश में मजदूरी कर रहा था। पीछे घर पर छह छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका अपनी मां को खोने के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। पति ने आरोप लगाया है कि इस हत्या में केवल कमलेश बिंद ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही शिवसागर थाना पुलिस और एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। एसडीपीओ विप्लव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से आरोपी कमलेश बिंद अपने पूरे परिवार के साथ फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। फिलहाल, पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

