अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। शहर के परिसदन में रविवार दोपहर सहकारिता, वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी मीडिया के सामने आए। मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जनता ने हमें 200 से अधिक सीटें सिर्फ यूं ही नहीं दीं, यह NDA की पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों का ही नतीजा है।
पिछली सरकार के काम पर मिला जनादेश
मंत्री चंद्रवंशी ने दावा किया कि NDA ने पिछले कार्यकाल में जो वादे किए थे उनमें अधिकतर पूरे किए गए। उनकी मानें तो जनता ने इसे महसूस किया और चुनाव में इसे खुलकर समर्थन भी दिया। उन्होंने कहा कि इस भरोसे की सबसे बड़ी वजह है सरकार की काम करने की पारदर्शी शैली और योजनाओं को समय पर अमल में लाने की प्रतिबद्धता।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में तेजी पकड़ रहा काम
मंत्री ने बताया कि नई सरकार के गठन के तुरंत बाद ही विभागों को सक्रिय कर दिया गया है और योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जमीन पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार एक नई ऊंचाई की ओर बढ़ेगा। जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा।
स्थानीय मुद्दों और विकास योजनाओं पर भी चर्चा
चंद्रवंशी ने बताया कि वे सासाराम अपने विभागीय निरीक्षण के सिलसिले में आए हैं। बातचीत के दौरान कई स्थानीय योजनाओं-विशेषकर पर्यावरण संरक्षण और सहकारिता से जुड़े प्रस्तावों-पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री और LJP के विधायक मुरारी प्रसाद गौतम भी मौजूद रहे।

