अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरा तालाब आयरकोठा पथ पर एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय रामप्रवेश कुमार के रूप में हुई है, जो अमरा तालाब के निवासी बताए जाते हैं और हलवाई का काम करते थे।

बाइक और हाईवा में टक्कर

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि रविवार की शाम रामप्रवेश कुमार अपनी बाइक से अमरा तालाब बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार हाईवा से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक हाईवा लेकर मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान मौत, पोस्टमार्टम में जुटी पुलिस

परिजनों ने बताया कि घायल राम प्रवेश कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार सोमवार को इलाज के दौरान रामप्रवेश कुमार की वाराणसी में मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।