अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। नोखा प्रखंड के एक विद्यालय में शिक्षक दिवस के पवित्र अवसर पर शिक्षकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

​शिक्षिकाओं और शिक्षकों के बीच झड़प का पूरा वाकया

​वायरल वीडियो 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) का बताया जा रहा है। वीडियो में उच्च माध्यमिक विद्यालय प्लस टू, चनकी की शिक्षिका अंजू कुमारी और उसी परिसर में संचालित मध्य विद्यालय की शिक्षिका उमा कुमारी एक अन्य शिक्षक अभिषेक उपाध्याय की जमकर पिटाई करती नजर आ रही हैं। इस दौरान गाली-गलौज और भारी हंगामा भी हुआ। मारपीट के बीच एक शिक्षिका द्वारा ‘बैड टच’ का गंभीर आरोप भी लगाया गया। जब पीड़ित शिक्षक ने विद्यालय परिसर से बाहर भागने की कोशिश की, तो उनके साथ हाथापाई जारी रही।

​बच्चों के सामने तमाशा और वीडियो बनाते रहे शिक्षक

​सबसे शर्मनाक बात यह रही कि यह पूरा तांडव भरे विद्यालय परिसर में, सैकड़ों बच्चों के सामने हुआ। विद्यार्थियों के बीच शिक्षकों का ऐसा आचरण विद्यालय की गरिमा को पूरी तरह तार-तार कर गया। हैरानी की बात यह है कि जब दो शिक्षिकाएं एक शिक्षक पर हाथ उठा रही थीं, तब दो अन्य शिक्षक- नित्यानंद भारती और उमेश कुमार – चुपचाप खड़े होकर इसका वीडियो बना रहे थे।

​तनाव और विभाग की कार्रवाई

​प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ पिछले कुछ दिनों से विद्यालय में चल रही छोटी-मोटी कहासुनी और आपसी तनाव था। घटना के बाद एक पक्ष नोखा थाना भी पहुंचा था, लेकिन शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों के बीच-बचाव के कारण मामला थाने में दर्ज नहीं हो सका। हालांकि, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा इसकी गहन जांच की जा रही है। वीडियो में नजर आ रहे सभी पांचों शिक्षक-शिक्षिकाओं (अंजू कुमारी, उमा कुमारी, अभिषेक उपाध्याय, नित्यानंद भारती और उमेश कुमार) पर जांच का शिकंजा कसा गया है और शिक्षा विभाग अब इन सभी पर सख्त कार्रवाई करने के मूड में है।