अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम स्थित बड्डी थाना क्षेत्र के मझुई गांव से एक घटना सामने आई है। भारी बारिश के बाद कमजोर हुई एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मझुई गांव निवासी लोकनाथ बिंद की पत्नी विमला देवी के रूप में की गई है।
खाना बनाते समय हुआ काल का ग्रास
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमला देवी अपने कच्चे घर में दीवार के सहारे बैठकर खाना बना रही थी।
अचानक मकान की जर्जर दीवार भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह मलबे के नीचे पूरी तरह दब गई। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू किया और महिला को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उनकी मौत हो चुकी थी।
बारिश ने पहले ही दे दी थी चेतावनी
परिजनों ने बताया कि क्षेत्र में दो-तीन दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार में दरारें आ गई थीं। परिवार इस खतरे से अवगत था, लेकिन गरीबी के कारण मरम्मत नहीं हो सकी थी। नियति को कुछ और ही मंजूर था और वही जर्जर दीवार शुक्रवार को मौत बनकर विमला देवी पर गिर गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। सूचना मिलने पर पहुंची बड्डी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

