अनमोल मिश्रा, चित्रकूट/सतना। सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इसी बीच बड़े पुल के टूटने का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि मंदाकिनी के तेज और विकराल बहाव के सामने पुल किस तरह टिक नहीं सका। वीडियो में नदी का पानी बेहद तेज रफ्तार से बहता नजर आ रहा है। देखते ही देखते पुल का हिस्सा तेज बहाव की चपेट में आया और भरभराकर नदी में समा गया।
पुल टूटने के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लगातार बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था। बाढ़ के चलते चित्रकूट में कई पुल और संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। रामघाट का करीब 300 मीटर लंबा पुल भी तेज बहाव में बह गया, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सामने आया यह लाइव वीडियो मंदाकिनी के रौद्र रूप और बाढ़ की भयावहता को साफ दिखा रहा है।
ये भी पढ़ें: MP में नही थमेगी बारिश! 11 जिलों में अलर्ट; चित्रकूट में तबाही का मंजर; बाणसागर के गेट खुले, मंडराया बाढ़ का खतरा
सतना के चित्रकूट में बिगड़े हालात
सतना जिले के चित्रकूट में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर करीब 30 फीट तक पहुंच गया है, वहीं गोरगी बांध टूटने से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। पानी के तेज बहाव में प्रसिद्ध रामघाट का बड़ा पुल बह गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र के स्कूलों में दो दिनों की छुट्टी घोषित कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और आश्रय स्थलों में राहत शिविरों में ठहरे लोगों से मुलाकात की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


