अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश की सतना पुलिस ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घटित 65 वर्षीय बुजुर्ग की खौफनाक अंधी हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले की तह तक जाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीनों शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
नवनिर्मित मकान में मिला था खून से लथपथ शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाटी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग रामशंकर गर्ग का शव बीते 18 सितंबर 2026 को उन्हीं के नवनिर्मित मकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। मर्ग जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी।
30 हजार का ब्याज और ब्लैंक चेक बना हत्या का कारण
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब क्षेत्र के ही तीन युवकों सचिन केवट, नीरज केवट और अंकित केवट को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो परत-दर-परत खौफनाक सच बाहर आ गया। पुलिस के अनुसार मृतक रामशंकर गर्ग ने करीब दो साल पहले अंकित केवट को 10 प्रतिशत मासिक ब्याज की दर पर 30 हजार रुपये दिए थे, जिसके बदले में सचिन केवट का एक ब्लैंक चेक लिया गया था। जब लंबा समय बीतने के बाद भी ब्याज और मूल रकम नहीं चुकाई गई, तो मृतक ने चेक के जरिए कोर्ट में केस दायर कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपियों और बुजुर्ग के बीच तीखी तकरार चल रही थी।
हिसाब-किताब के बहाने घर में घुसे और कुल्हाड़ी-चाकू से किया काम तमाम
पुलिस के मुताबिक बीते 14 सितंबर की रात तीनों आरोपी योजनाबद्ध तरीके से बुजुर्ग के घर हिसाब-किताब करने के बहाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ी और तीनों ने मिलकर बुजुर्ग रामशंकर गर्ग पर कुल्हाड़ी, चाकू और लोटे से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी, एक चाकू और एक लोटा जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों सचिन केवट, नीरज केवट और अंकित केवट को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

