अनमोल मिश्रा, सतना । मध्य प्रदेश के सतना जिले के धवारी चौक इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अपने काम पर जा रही एक युवती पर एक सिरफिरे युवक ने पीछे से चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले में तत्परता दिखाते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

होटल स्पार्क में काम पर जा रही थी युवती  

घायल युवती की पहचान जागृति जाटव  निवासी बाजराहा टोला के रूप में हुई है। जागृति धवारी चौक स्थित ‘होटल स्पार्क’ में काम करती है। रोजाना की तरह जब वह अपने घर से निकलकर होटल में ड्यूटी के लिए जा रही थी, तभी धवारी चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उस पर अचानक पीछे से हमला कर दिया।अचानक हुए इस हमले से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेस किया गया। घायल जागृति को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।

आरोपी सागर जाटव गिरफ्तार 

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर और अस्पताल पहुँची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर जाटव को गिरफ्तार कर लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m