अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना में पंजाब पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने 39.24 लाख रुपये की बड़ी ठगी के आरोपी की तलाश में दबिश दी। 6 करोड़ रुपये की बैशाखी बंपर लॉटरी का झांसा देकर महिला से लाखों रुपये ऐंठने वाले जालसाज का सुराग ढूंढते हुए पंजाब के गुरदासपुर से आई पुलिस टीम जब सतना के भरहुत नगर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। जिस पते पर पुलिस ने छापा मारा वह गलत निकला।

इसके बाद कोलगवां थाना क्षेत्र के भरहुत नगर में जब पंजाब पुलिस ने दबिश दी तो संबंधित पते पर आबकारी विभाग के एक लिपिक अपने परिवार के साथ रहते मिले। आसपास भी विभाग के ही अधिकारी-कर्मचारी निवासरत थे। गलत एड्रेस की जानकारी मिलने पर पंजाब पुलिस ने नए सिरे से लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद जालसाज का संभावित ठिकाना मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत धौरहरा गांव में सामने आया, जिसके बाद पुलिस टीम अमरपाटन के लिए रवाना हो गई।

क्या है पूरा मामला?

पंजाब के गुरदारसुपर के थाना भैणी मियां खां अंतर्गत राजू बेला निवासी 38 वर्,य कंवलप्रीत कौर को अप्रैल महीने में अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन पर ठग ने महिला से कहा कि उनका नाम वैशाखी बंपर लॉटरी में 6 करोड़ के पहले इनाम के लिए चुना गया है।

जिसके बाद महिला ठग के झांसे में आ गई और रजिस्ट्रेशन, टैक्स व अन्य प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 39,24,900 रुपये बैंक खातों में जमा करा दिया। पैसे देने के बाद जब काफी समय तक लॉटरी की रकम खाते में नहीं आई तब महिला को साइबर फ्रॉड का पता चला जिसके बाद महिला पुलिस के पास पहुंची।

15 महीने बाद मिला सुराग

काफी समय बीतने के बाद भी जब लॉटरी की रकम नहीं मिली, तब महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पंजाब साइबर सेल को 15 महीने की लंबी पड़ताल के बाद आरोपियों के तार सतना और मैहर से जुड़े होने का सुराग मिला। जिसके बाद पुलिस ने एक टीम बनाकर सतना जिले भेजा। पुलिस टीम जब यहां पहुंची तब उन्हें पता चला कि यह एड्रेस गलत है। ऐसे में अब टीम दूसरे ठिकाने के सही होने की उम्मीद के साथ अमरपाटन चली गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m