Lifestyle Desk – गर्मी में चने का सत्तू का सेवन बहुत ही फायदेमंद माना जाता है. इससे हम सत्तू ड्रिंक के रूप में पीते हैं. इसके अलावा सत्तू का पराठा, सत्तू मुठिया और ऐसी ही दूसरी डिश भी खाते हैं. पर क्या आपने कभी सत्तू का हलवा खाया है? ये सच में एक शानदार और हेल्दी मिठाई है, खासकर गर्मियों के लिए. इसे बनाना आसान है और कम समय में तैयार हो जाता है. चलिए इसकी सरल और आसान सी रेसिपी जानते हैं.

सामग्री

सत्तू (चना का) – 1 कप
घी – 3–4 बड़े चम्मच
चीनी या गुड़ – ¾ कप
पानी या दूध – 2 कप
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
ड्राई फ्रूट्स (काजू, बादाम, किशमिश) – 2–3 बड़े चम्मच

विधि

  1. सबसे पहले कड़ाही में घी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. फिर इसमें घी में सत्तू डालें और लगातार चलाते हुए 5–7 मिनट तक भूनें, जब तक खुशबू न आने लगे और रंग हल्का सुनहरा हो जाए.
  2. अब धीरे-धीरे पानी या दूध डालें (गांठ न बने, इसके लिए लगातार चलाते रहें). इसमें चीनी या गुड़ मिलाएं और अच्छे से घुलने दें.
  3. अब इसमें इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालें. हलवा गाढ़ा होने तक पकाएं (लगभग 5–7 मिनट). जब यह कड़ाही छोड़ने लगे, तो समझिए तैयार है.
  4. गरम-गरम सत्तू का हलवा परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी या ड्राई फ्रूट्स डालकर सजाएं.

टिप्स

गुड़ इस्तेमाल करने से स्वाद और भी देसी और हेल्दी हो जाता है. अगर आप ज्यादा रिच स्वाद चाहते हैं, तो पानी की जगह दूध का इस्तेमाल करें. लो-फैट वर्जन के लिए घी की मात्रा थोड़ी कम कर सकते हैं.