हेमंत गुर्जर, सतवास (देवास): मध्य प्रदेश के देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पुनासा रोड स्थित पुनर्वास इलाके में 55 वर्षीय महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं मृतक महिला की बेटी भी घर के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसे तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।

खून से सने कपड़ों में बाहर आई 3 साल की मासूम

घटना का खुलासा तब हुआ जब करीब 3 साल की एक मासूम बच्ची खून से सने कपड़ों में रोते हुए घर से बाहर आई। बच्ची को इस हाल में देखकर आसपास के पड़ोसियों के होश उड़ गए। पड़ोसियों ने तुरंत घर के अंदर जाकर देखा तो सन्नाटा पसर गया और तुरंत मामले की सूचना सतवास थाना पुलिस को दी गई।

मायके आई थी बेटी, घर में अकेली रहती थी महिला

मृतका की पहचान 55 वर्षीय माया शर्मा के रूप में हुई है। वहीं उनकी घायल बेटी का नाम रानू बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, माया शर्मा घर में अकेली रहती थीं और उनकी बेटी रानू रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए अपने मायके आई हुई थी। दोनों मां-बेटी घर में साथ रह रही थीं, तभी अज्ञात हमलावरों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सौम्या जैन, एसडीओपी (SDOP) और सतवास थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला नजर आ रहा है। घायल बेटी रानू का अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल हत्या के कारणों और परिस्थितियों का पता नहीं चल पाया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m