नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को पांच मंजिला PG बिल्डिंग गिरने के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपी सुधांशु और शुभम त्यागी को 12 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी हादसे में गिरी इमारत में कथित तौर पर PG चला रहे थे।
बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम
6 सितंबर को सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के वक्त बिल्डिंग के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, करीब 40-50 साल पुरानी इस इमारत को कथित तौर पर निर्धारित तीन मंजिलों के बजाय पांच मंजिल तक बना दिया गया था। हादसे के बाद अवैध निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।
बिल्डिंग मालिक समेत कई आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने बिल्डिंग मालिक 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता, उनकी 75 वर्षीय पत्नी उर्मिला गुप्ता और बेटे महेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता को पहले ही 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा जा चुका है। अब PG संचालकों की गिरफ्तारी से जांच का दायरा और बढ़ गया है।
DU के छात्र भी रह रहे थे
इस PG में दिल्ली विश्वविद्यालय के कई छात्र रह रहे थे। मृतकों में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के युवा छात्र भी शामिल थे। हादसे में अभिषेक (20), युवराज सोनी (20), पवन (17), अर्पित जहाज (19) और अक्षत सिंह यादव (18) समेत 75 वर्षीय मजदूर सुरिंदर सिंह की मौत हुई।
दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई
मामले को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल PIL पर भी सुनवाई हुई। कोर्ट ने दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार, MCD, दिल्ली पुलिस, दिल्ली विश्वविद्यालय और NHRC को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दिल्ली सरकार, केंद्र और MCD की ओर से पेश होने की बात कही। मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



