Arvind Kejriwal On Satyendra Jain Arrest: सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडरों में गड़बड़ी के मामले में दिल्ली के पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन को एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी (ACB) ने गिरफ्तार किया है। जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय की भी गिरफ्तारी हुई है। आप नेता और अरविंद केजरीवाल सरकार में रहे मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में सियासी संग्राम छिड़ गया है। अरविंद केजरीवाल ने कार्रवाई को बीजेपी की दबाव की राजनीति बताया। वहीं बीजेपी और कांग्रेस ने इसे भ्रष्टाचार के मामले में जवाबदेही की कार्रवाई करार दिया।

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई के बाद द बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी यानी आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई आप नेताओं ने गिरफ्तारी का विरोध किया।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-सत्येन्द्र जैन जी को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा।  आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं। इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा?  बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है। ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है।

फाइलें बनी रहती हैं

वहीं, दिल्ली सरकार के डिप्टी सीएम परवेश साहिब सिंह ने अपने पोस्ट में कहा कि सत्ता जवाबदेही को टाल सकती है, लेकिन उसे खत्म नहीं कर सकती। दिल्ली जल बोर्ड की एसटीपी टेंडर प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं के मामले में अब पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि कुर्सी बदल सकती है, लेकिन फाइलें बनी रहती हैं।

कांग्रेस का भी आया रिएक्शन

वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि आम आदमी पार्टी ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ के नारे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन अब वह सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गई है। उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक, शराब के निजीकरण और अन्य मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने भ्रष्टाचार के नए तरीके खोजे। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी रहे हैं और पहले भी जेल जा चुके हैं। उदित राज ने कहा कि संभव है कि किसी इनपुट के आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई हो।

सत्येंद्र जैन पर क्या आरोप है

केजरीवाल सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडरों में गड़बड़ी का आरोप लगा है। आरोप है कि राय को ₹1.52 करोड़ की रिश्वत दी गई। ACB का आरोप है कि ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडरों की शर्तें इस तरह बनाई गई थीं कि एक खास कंपनी को फायदा मिल सके। ED के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड के चार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर में कथित अनियमितताएं हुईं। एजेंसी ने आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तें इस तरह बनाई गईं कि एक खास कंपनी को फायदा मिले। इस मामले में ED ने दिसंबर 2025 में सत्येंद्र समेत 14 लोगों के खिलाफ करीब ₹17.70 करोड़ के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चार्जशीट दाखिल की थी।

2024 में 2 साल जेल काटकर बाहर आए थे जैन

सत्येंद्र जैन अक्टूबर 2024 में तिहाड़ से बाहर आ थे। वे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 872 दिन से जेल में थे। उन्हें ED ने 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। इस मामले में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया था।18 अक्टूबर 2024 को दिल्ली की अदालत ने उन्हें जमानत दी थी।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m