राजधानी दिल्ली में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के लिए सीधे तौर पर पुलिस जिम्मेदार है। AAP नेता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसी लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत मिलने के बाद पुलिस कई बार तब तक मुकदमा दर्ज नहीं करती, जब तक मामला दुष्कर्म तक नहीं पहुंच जाता। उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर ही शिकायतों पर कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ सख्ती जरूरी है, ताकि गंभीर अपराधों को रोका जा सके।
‘जेन जी पर डंडे बरसाने वाली पुलिस गुंडों पर भी कार्रवाई करे’
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर तंज कसते हुए कहा कि जेन जी पर डंडे बरसाने वाली पुलिस को दिल्ली की सड़कों और इलाकों में मौजूद गुंडों पर भी अंकुश लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक महिलाओं के खिलाफ इस तरह की घटनाओं को रोकना मुश्किल होगा। उन्होंने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को छेड़छाड़ और अन्य शुरुआती शिकायतों पर ही गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस और सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक टूल के तौर पर किया जा रहा है और महिलाओं के खिलाफ अपराध की शिकायतों पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई नहीं करती। सौरभ भारद्वाज ने जनकपुरी में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना के समय सरकार चुप रही। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची के माता-पिता को डीसीपी और एसएचओ की ओर से धमकाया जा रहा था, लेकिन सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
‘Gen Z पर डंडे बरसाने में पुलिस आगे रहती है’
AAP नेता ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कभी दिल्ली पुलिस किसी बलात्कारी को सड़क पर डंडे से मारते हुए ले जाती दिखाई दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि Gen Z के बच्चों के साथ पुलिस ने डंडों से मारपीट की और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया। उनके मुताबिक, इससे दिल्ली में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गलत संदेश जाता है। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस को राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज करने का समय है, लेकिन महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई करने में वह पीछे रहती है।
‘छेड़छाड़ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं करती पुलिस’
सौरभ भारद्वाज ने अपने खिलाफ दर्ज होने वाले मुकदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ हर महीने नए मुकदमे दर्ज होते हैं और कभी स्पेशल सेल, कभी दिल्ली पुलिस तो कभी एसीबी की ओर से मामले दर्ज किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कई मुकदमों में आगे कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर किसी लड़की के साथ मोहल्ले के कुछ लोग छेड़छाड़ करते हैं और वह पुलिस के पास शिकायत लेकर जाती है, तो पुलिस उसका मुकदमा दर्ज नहीं करती। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पुलिस दुष्कर्म होने का इंतजार करती है।
‘गलियों में खड़े गुंडों पर अंकुश जरूरी’
AAP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए जरूरी है कि पुलिस मोहल्लों और गलियों में मौजूद असामाजिक तत्वों पर पहले ही कार्रवाई करे। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर ऐसे लोगों पर कोई अंकुश नहीं लगाया जाएगा तो महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध की घटनाएं होती रहेंगी। सौरभ भारद्वाज ने पुलिस की गश्त और स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीट स्तर पर पुलिस और स्थानीय असामाजिक तत्वों के बीच मिलीभगत जैसी स्थिति होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है।
दोषी बख्शे नहीं जाएंगे : प्रवेश वर्मा
नई दिल्ली। कालकाजी गैंगरेप मामले को लेकर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि मामले में दिल्ली पुलिस कार्रवाई कर रही है और फिलहाल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी आरोपी पकड़े जाने के बाद ही इस मामले पर विस्तार से कुछ कहना उचित होगा। प्रवेश वर्मा ने कहा कि जब भी इस तरह की कोई घटना सरकार के संज्ञान में आती है, तो पूरी सरकार मामले को गंभीरता से लेती है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



