श्रावणी मेले के पहले दिन तड़के खुले मंदिर के कपाट, देश-विदेश से पहुंचे शिवभक्तों ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक
देवघर। पवित्र श्रावण मास की शुरुआत गुरुवार से हो गई है। सावन के पहले ही दिन भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त देवघर पहुंचे और “बोल बम” के जयघोष के बीच बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
सुबह 3:02 बजे खोले गए श्रद्धालुओं के लिए कपाट
श्रावणी मेले के पहले दिन गुरुवार सुबह 3:02 बजे बाबा मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। प्रातःकालीन विशेष पूजा और विधि-विधान संपन्न होने के बाद आंतरिक एवं बाह्य अर्घा से जलार्पण की व्यवस्था शुरू की गई। जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु रात करीब दो बजे से ही मंदिर परिसर में कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
लाखों कांवरिये सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंचते हैं पैदल
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूरे सावन माह के दौरान चलने वाला श्रावणी मेला देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। इस दौरान लाखों कांवरिये सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए देवघर पहुंचते हैं और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मनोकामना पूर्ण होने की कामना करते हैं।
सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ निगरानी भी बढ़ा दी गई
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ निगरानी भी बढ़ा दी गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन-पूजन कर सकें।


