कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में बढ़ते नशे के खतरे को लेकर हरियाणा पुलिस ने नागरिकों, खासकर युवाओं के लिए एक विशेष जागरूकता अपील जारी की है। इस अपील में साफ संदेश दिया गया है कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और भविष्य को बर्बाद कर देता है। पुलिस ने युवाओं से हेरोइन, सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों से दूरी बनाकर खेल, शिक्षा, योग, संगीत और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया है।

हरियाणा पुलिस की ओर से जारी वीडियो संदेश में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर ममता सूधा ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने के बाद व्यक्ति का आत्मविश्वास, रिश्ते और जीवन की दिशा धीरे-धीरे खत्म होने लगती है। उन्होंने युवाओं से खेल अपनाने की अपील करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करता है।

पुलिस ने अपने संदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई केमिस्ट बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाइयां बेचता है, तो नागरिक तुरंत हरियाणा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9050891508 या मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर शिकायत कर सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया गया है।

हरियाणा पुलिस ने “ड्रग्स मुक्त हरियाणा, सुरक्षित और खुशहाल हरियाणा” को संकल्प बताते हुए नागरिकों से नशे के खिलाफ सामाजिक अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।