SBI Shares Price : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. दिसंबर 2025 तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा और स्टॉक एक ही दिन में 6% से ज्यादा उछल गया. 9 फरवरी को शुरुआती कारोबार में BSE पर SBI का शेयर 6.6 प्रतिशत की तेजी के साथ ₹1136.85 तक पहुंच गया. जून 2024 के बाद यह शेयर की एक दिन में सबसे बड़ी बढ़त रही. तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्मों ने भी बैंक पर अपना भरोसा जताया है.

ब्रोकरेज का भरोसा बढ़ा, ज्यादातर ने ‘Buy’ रेटिंग दी

ब्लूमबर्ग के लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, SBI को ट्रैक करने वाले 49 एनालिस्ट में से 42 ने शेयर पर ‘बाय’ रेटिंग दी है. इनमें से कम से कम 5 ब्रोकरेज फर्मों ने अपने टारगेट प्राइस भी बढ़ाए हैं. इसका साफ मतलब है कि ज्यादातर एक्सपर्ट्स को आने वाले समय में SBI के शेयर में और मजबूती की उम्मीद है.

दिसंबर तिमाही में मुनाफे में जोरदार बढ़ोतरी

अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में SBI का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 24.48 प्रतिशत बढ़कर ₹21,028.15 करोड़ हो गया. एक साल पहले इसी तिमाही में बैंक का मुनाफा ₹16,891.44 करोड़ था. वहीं, नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 9 प्रतिशत बढ़कर ₹45,190 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले साल ₹41,445 करोड़ थी.

कुल इनकम और मार्जिन की स्थिति

दिसंबर तिमाही में बैंक की कुल आय 9.6 प्रतिशत बढ़कर ₹1,40,914.65 करोड़ हो गई. पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,28,467.39 करोड़ थी. नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 3.12 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले 3.15 प्रतिशत था. हालांकि, इसमें हल्की गिरावट के बावजूद बैंक की कमाई मजबूत बनी रही. इसके साथ ही SBI ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना गाइडेंस भी बढ़ाया है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है.

ब्रोकरेज हाउस क्या कह रहे हैं?

  • CLSA के मुताबिक, SBI की लोन ग्रोथ अपने PSU और बड़े प्राइवेट बैंकों की तुलना में बेहतर रही है.
  • CITI का कहना है कि आने वाले समय में बैंक का मार्जिन 3 प्रतिशत या उससे ऊपर बना रह सकता है.
  • नुवामा के अनुसार, प्राइवेट बैंकों की तुलना में SBI की कोर कमाई लगातार तीसरी तिमाही में मजबूत बनी हुई है.
  • वहीं, बर्नस्टीन का मानना है कि मजबूत ग्रोथ, बेहतर मार्जिन और अच्छी एसेट क्वालिटी के कारण बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) 1% से ऊपर और रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 20% से ज्यादा बना हुआ है.

एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार

  • दिसंबर 2025 तिमाही में SBI की एसेट क्वालिटी में भी साफ सुधार देखने को मिला है.
  • ग्रॉस NPA घटकर 1.57 प्रतिशत रह गया, जबकि एक साल पहले यह 2.07 प्रतिशत और पिछली तिमाही में 1.73 प्रतिशत था.
  • नेट NPA भी घटकर 0.39 प्रतिशत पर आ गया, जो सितंबर 2025 में 0.42 प्रतिशत और दिसंबर 2024 में 0.53 प्रतिशत था.
  • यह दिखाता है कि बैंक की रिकवरी और क्रेडिट मैनेजमेंट लगातार बेहतर हो रहा है.

निवेशकों के लिए क्या संकेत?

मजबूत तिमाही नतीजे, बेहतर एसेट क्वालिटी, बढ़ता मुनाफा और ब्रोकरेज का भरोसा इन सभी वजहों से SBI का शेयर फिलहाल मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है. हालांकि, शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है. निवेश से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की सलाह जरूर लें.