रांची। सरकारी नौकरी पाने की चाहत रखने वाले बेरोजगार युवाओं को ठगों ने निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। अब ठगी के लिए रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का दावा करने वाले फर्जी भर्ती पोस्टर और विज्ञापन सामने आने के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने अलर्ट जारी किया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने युवाओं को आगाह करते हुए ऐसे फर्जी विज्ञापनों के झांसे में नहीं आने की अपील की है। साथ ही कहा है कि नियुक्ति से जुड़ी किसी भी सूचना पर भरोसा करने या आवेदन करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लें।
आकर्षक वेतन और स्थायी नौकरी का देते हैं लालच
रांची समेत झारखंड के अलग-अलग जिलों में रोजगार की तलाश कर रहे युवा साइबर ठगों के निशाने पर हैं। ठग प्रतिष्ठित सरकारी संस्थानों और कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी भर्ती अभियान चलाते हैं। इन विज्ञापनों में आकर्षक वेतन, स्थायी नौकरी और जल्द नियुक्ति का प्रलोभन दिया जाता है।
इसके बाद अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क, रजिस्ट्रेशन, मेडिकल जांच, ट्रेनिंग और नियुक्ति पत्र जारी करने के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं। नौकरी की उम्मीद में युवा अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। ऐसे में एएआई ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को किसी भी अनजान भर्ती विज्ञापन पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करनी चाहिए।

