प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बच्चों से भरी स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दामापुर-कापादाह के पास सनराइज पब्लिक स्कूल की बस पलटने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका इलाज जारी है।

चिकित्सकों के मुताबिक, बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी बच्चे को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।

स्टेयरिंग जाम होने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का स्टेयरिंग जाम होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य में सहयोग किया। बच्चों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
स्कूल बस में बच्चों के सवार होने के दौरान हुए इस हादसे ने उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

