School Teacher Suspended: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां लिवाली गांव के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं के साथ बदसलूकी की गई। दो शिक्षिकाओं पर छात्राओं को निर्वस्त्र कर तलाशी लेने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है।

क्या है पूरा मामला?
घटना लिवाली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की है। स्कूल की एक अध्यापिका के 500 रुपए क्लासरूम में कहीं गुम हो गए थे। शिक्षिका ने अपने पैसे काफी ढूंढे, लेकिन वे उसे नहीं मिले। इसके बाद शिक्षिका को शक हुआ कि किसी छात्रा ने पैसे चुरा लिए हैं। पैसे न मिलने पर दो शिक्षिकाओं ने बेहद क्रूर रास्ता अपनाया। उन्होंने कक्षा 9 और 11 की छात्राओं को एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद संदेह के आधार पर उन सभी बच्चियों को निर्वस्त्र कर उनकी तलाशी ली गई।
अभिभावकों का फूटा गुस्सा
जब छात्राएं स्कूल से घर पहुंचीं, तो उन्होंने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। यह सुनकर अभिभावक सन्न रह गए और आक्रोशित होकर स्कूल पहुंच गए। देखते ही देखते स्कूल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए और उन्होंने स्कूल पर ताला जड़ दिया। अभिभावकों ने दोनों शिक्षिकाओं को तुरंत निलंबित करने की मांग की।
प्रशासन और पुलिस की कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही बामनवास की कार्यवाहक सीबीईओ प्रतिभा मीणा और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीबीईओ ने स्थिति को भांपते हुए स्कूली छात्राओं के बयान दर्ज किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने त्वरित एक्शन लिया।
भरतपुर के संयुक्त निदेशक दलवीर सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापिका सरस्वती मीणा को निलंबित कर दिया गया है। उन पर राजस्थान सिविल सेवाएं नियम-1958 के नियम 13 के तहत कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उन्हें सीबीईओ ऑफिस, राजाखेड़ा, धौलपुर में अपनी उपस्थिति देनी होगी। इसके अलावा, व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को सेवा से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- चर्चा में VIP शादी! रिटायर्ड कर्नल की इकलौती बेटी की नेता के बेटे से शादी, VVIP समेत 20 हजार लोगों को न्योता
- कोली समाज का वार्षिक सम्मेलन, 106 वर्षीय भूरी देवी सहित प्रतिभाओं को किया सम्मानित
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नो पार्किंग में खड़ा था ट्रक-ट्रेलर, पुलिस ने किया जब्त
- राहुल गांधी का PM मोदी पर हमला, बोले- ‘सरकार की एक्सपायरी डेट करीब’; गोवा में जमीन और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया
- उजीना गांव में 6 महीने से अधूरी नालियां, ग्रामीण अपने खर्च पर निकाल रहे गंदा पानी
