करनाल। हरियाणा के करनाल में एक स्कूल बस ड्राइवर ने घर में घुसकर वैज्ञानिक की बुजुर्ग मां पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने लूट के इरादे से महिला की सोने की चेन छीनने की कोशिश की।

जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनका गला दबाया और मुंह पर रुमाल रखकर उन्हें बेड पर गिरा दिया।

हमले का सीसीटीवी फूटेज आया सामने

इस हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी करीब एक मिनट तक महिला के साथ मारपीट करता रहा और उन्हें फर्श पर गिराकर प्रताड़ित किया। महिला के शोर मचाने पर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।