संजीव, सोनीपत। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे केबल नेटवर्क ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन कर रहे केबल ऑपरेटरों की पहचान कर उनके खिलाफ केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम, 1995 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी अजय चोपड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और केबल ऑपरेटरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित केबल नेटवर्क की स्थिति, लाइसेंस प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन, तकनीकी मानकों और नियमों की पालना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही केबल नेटवर्क का संचालन किया जाना चाहिए। बिना वैध अनुमति या निर्धारित मानकों की अनदेखी कर सेवाएं देने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कई स्थानों से अवैध तरीके से केबल नेटवर्क संचालन और अनधिकृत कनेक्शन की शिकायतें मिली हैं, जिन पर प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करेगा।
एडीसी ने केबल ऑपरेटरों को निर्देश दिए कि वे अपने लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाण पत्र, तकनीकी अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखें। साथ ही उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी केबल नेटवर्क ऑपरेटरों का डाटा अपडेट किया जाए। जिन ऑपरेटरों के दस्तावेज अधूरे हैं या जिनके लाइसेंस नवीनीकरण लंबित हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जाएं।
बैठक में नगराधीश सिमरन, एसीपी राजदीप मोर, डीआईपीआरओ राकेश गौतम, जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती बल्हारा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

