शिखिल ब्यौहार, भोपाल। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के चलते मध्य प्रदेश से खाली हुई राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया का आज दूसरा दिन है और उम्मीदवार 2 नवंबर तक अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। इस सीट को भरने के लिए मध्य प्रदेश बीजेपी ने संभावित नामों का एक पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की तैयारी कर ली है, जिसमें सवर्ण, दलित और आदिवासी वर्ग के नेताओं के नाम शामिल हैं।
संभावित चेहरों के पैनल पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी प्रदेश संगठन द्वारा केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने वाले संभावित पैनल में विभिन्न वर्गों से आने वाले प्रमुख नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
दलित वर्ग: पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य।
सवर्ण वर्ग: पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया।
आदिवासी वर्ग: सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री रंजना बघेल और अमर सिंह।
इन दिग्गज नेताओं के नामों को लेकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है कि पार्टी इनमें से किसी मुहर लगा सकती है या फिर कोई नया चौंकाने वाला नाम सामने आ सकता है।
केंद्रीय नेतृत्व करेगा फैसला, दूसरे राज्य से भी हो सकता है उम्मीदवार
राज्यसभा की इस सीट के लिए अंतिम मुहर भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड ही लगाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मध्य प्रदेश से भेजे गए पैनल के अलावा बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व किसी अन्य राज्य के चेहरे या राष्ट्रीय स्तर के किसी प्रमुख नेता को भी इस सीट से सदन में भेज सकती है। नामांकन की अंतिम तिथि 2 नवंबर है, ऐसे में पार्टी जल्द ही आधिकारिक उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है। संख्या बल के हिसाब से बीजेपी की स्थिति मजबूत होने के चलते इस सीट पर पार्टी का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

