सत्या राजपूत, रायपुर. राजधानी रायपुर के गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर नजर आ जाएंगे. सफाई व्यवस्था को लेकर आम जनता में लगातार लापरवाही बरती जा रही है. पैदल चलने वालों को नाली से निकाले गए कचरे की दुर्गंध का सामना करना पड़ता है. रायपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव सोनमणि बोरा ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई.

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में गोलमोल जवाब प्रमुख सचिव बोरा ने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि गरीबों के आवास में गुणवत्ताहीन काम और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके कार्यों में कोताही न बरतें. इसके अलावा शहर में साफ-सफाई की कमजोर व्यवस्था पर भी सचिव बोरा ने शहर में गंदगी की तस्वीरें दिखाते हुए नाराजगी जताई और सख्त हिदायत दी. लापरवाही बरतने पर दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं.

प्रमुख सचिव बोरा ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग सहित सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्दश दिए. उन्होंने कहा कि हर तिमाही में कार्यों की अच्छी प्रगति दिखना चाहिए. उन्होंने निगम के अभियंताओं और अधिकारियों को विजन के साथ काम करते हुए निकट भविष्य में होने वाले कार्यों की रूपरेखा भी बनाकर रखने को कहा. उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए.

नए नालंदा परिसर में दिव्यांगजनों के लिए व्यवस्थाएं करने के निर्देश

प्रमुख सचिव बोरा ने रायपुर में बन रहे नए नालंदा परिसर में पुराने नालंदा परिसर की कमियों-खामियों को दूरकर आधुनिक परिसर और उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चत करने के निर्देश दिए. उन्होंने नए भवन में दिव्यांगजनों के लिए भी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चत करने को कहा.

बैठक में निगम द्वारा संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स और सीवेज ट्रीटमेट प्लांट्स में बिजली की खपत को कम करने पर भी चर्चा की गई. प्रमुख सचिव ने एनर्जी इफिसिएंट (Energy-Efficient) तकनीकों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जन सुविधाओं को नागरिकों तक पहुंचाने, जरूरत के अनुसार उन्हें दस्तावेज उपलब्ध कराने और राजस्व वसूली में डिजिटल व आधुनिक तकनीकों को अपनाने को कहा. इससे नागरिकों की सुविधाएं बढ़ेंगी और उन्हें तेजी से नागिरक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा. 

मार्च 2027 तक शीतला तालाब का सौंदर्यीकरण पूरा करने के निर्देश

प्रमुख सचिव ने मिशन अमृत 2.0 के तहत रायपुर के शीतला तालाब के पुनरोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगामी मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने वहां गहरीकरण, पिचिंग, पेवर-ब्लॉक इत्यादि कार्यों में टाइमलाइन के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने निदान-1100 में प्राप्त नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने को कहा. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक एस.के. सुंदरानी और मुख्य अभियंता राजेश सुंदरानी सहित रायपुर नगर निगम के सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, अभियंता और सभी जोनों के कमिश्नर भी बैठक में उपस्थित थे.

सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में रायपुर में इज ऑफ लीविंग (Ease of Living) और नागरिक-केन्द्रित (Citizen-Centric) प्रशासन पर जोर दिया गया. प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सिटीजन को कस्टमर भी मानें और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता एवं जवाबदेही से पूर्ण करें. नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और रायपुर नगर निगम के आयुक्त संबित मिश्रा भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H