लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। जिले के दल्लीराजहरा नगर के पुराना बाजार में दल्लीराजहरा माइंस रोड पर रावघाट रेलवे लाइन के पुल क्रमांक-02 का ऊपरी हिस्सा लगातार धंसने लगा है। पुल का हिस्सा धंसने और सड़क पर गड्ढे व दरारें आने से वार्डवासी चिंतित हैं। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो पुल को नुकसान पहुंच सकता है।

पुल के ऊपर से रोजाना सैकड़ों वाहन माइंस का लोहा लेकर गुजरते हैं। साथ ही इस रोड के ऊपर से लोग आते-जाते हैं, वहीं इस सड़क के नीचे से रोजाना रेल गुजरती है, जिससे बड़ा हादसा होने की चिंता बनी हुई है। मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस, रेलवे, नगर पालिका, बीएसपी प्रबंधन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सड़क पर हुए गड्ढे और दरारों को देखते हुए बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया गया है।

इसके लिए वीर नारायण सिंह चौक और दुर्गा कैंप रोड चौक के पास बैरिकेडिंग की जाएगी। वहीं धंसे हिस्से को खोदकर मुरूम-मिट्टी से भराव और मरम्मत की जाएगी। इसके बाद बीएसपी प्रबंधन द्वारा सीमेंटीकरण या डामरीकरण कराया जाएगा।

भारी वाहनों पर रोक

दल्लीराजहरा के मुख्य स्टेशन प्रबंधक जीके आर्य ने बताया कि सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H