अमित मनकोड़ी, आष्टा। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा शहर से एक बड़े हादसे की खबस सामने आई है। यहां सेमनरी रोड स्थित एक डेकोरेशन के गोदाम में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की उसने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गोदाम के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

जीतू बरेठा के गोदाम में भड़की आग, मची अफरा-तफरी

मिली जानकारी के अनुसार आग शहर के व्यस्त सेमनरी रोड पर स्थित जीतू बरेठा के डेकोरेशन गोदाम में लगी। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतनी तेजी से उठा कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक गोदाम में शादियों और कार्यक्रमों के लिए रखा करीब 7 से 10 लाख रुपये मूल्य का डेकोरेशन का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका है।

तीन कस्बों की दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए केवल आष्टा ही नहीं बल्कि जावर और कोठरी से भी दमकल वाहनों को तत्काल मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने स्थानीय पुलिस और नागरिकों के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवक भी मुस्तैद रहे जिन्होंने जान जोखिम में डालकर राहत कार्य और आग बुझाने में दमकल टीम का पूरा सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

जांच में जुटा प्रशासन, कारणों का खुलासा होना बाकी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय तहसीलदार और पटवारी सहित प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित गोदाम मालिक से चर्चा की। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।

गनीमत यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि होने की सूचना नहीं है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई और वजह थी, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m