अमित मंकोडी, आष्टा (सीहोर)। मध्य प्रदेश के आष्टा के अलीपुर मुख्य चौराहे पर स्थित दुर्गा माता मंदिर में बीती रात चोरी की घटना हुई। जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर में रखी दान पेटी उठाकर ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दान पेटी में करीब 8 से 10 हजार रुपये की दानराशि होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पार्वती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।
ये भी पढ़ें: सागौन तस्करी में शामिल जंगल का रखवाला! रेंजर की माफिया से मिलीभगत, ऑडियो लीक से फूटा भांडा, पढ़ें ‘पेटी’ के बंटवारे की इनसाइड स्टोरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अलीपुर का यह चौराहा नगर के प्रमुख मार्गों में से एक है, जहां रात के समय पुलिस गश्त होने का दावा किया जाता है। ऐसे में मुख्य चौराहे पर स्थित धार्मिक स्थल में चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर में हुई चोरी से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: दम तोड़ता सिस्टम! पहले एंबुलेंस ने तड़पाया, फिर पोस्टमार्टम के लिए 3 घंटे भटके परिजन
लोगों का कहना है कि यदि मुख्य मार्गों पर स्थित धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

