मुकेश मेहता, बुधनी। सीहोर जिले के प्रसिद्ध मां विजयासन धाम सलकनपुर बुधनी मार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की टक्कर में एक महिला की मौत और दो दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की घटना के बाद अभी अभी ग्राम बायां के पास दो ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 15 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पांच सीटर ऑटो में 15 सवारियां बैठाकर आखिर श्रद्धालुओं की जान जोखिम में क्यों डाली जा रही है? घायलों को रेहटी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
2 ऑटो की भिड़ंत, 15 घायल
सलकनपुर में मां विजयासन देवी के दर्शन कर लौट रहा श्रद्धालुओं से भरा ऑटो ग्राम बायां के पास दर्शन के लिए जा रहे दूसरे ऑटो से टकरा गया। दोनों ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में 15 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल रेहटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता से उपचार शुरू किया।
इस हादसे के बाद ऑटो में ओवरलोडिंग का मुद्दा एक बार फिर सामने आ गया है। जानकारी के अनुसार, पांच सीटर ऑटो में 15 सवारियां बैठाई गई थीं। सवाल यह है कि निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठाकर श्रद्धालुओं को सफर क्यों कराया जा रहा है? क्या यातायात नियमों का पालन कराने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की नजर ऐसे वाहनों पर नहीं पड़ रही है? यदि समय रहते ओवरलोडिंग पर रोक नहीं लगी, तो ऐसे हादसे गंभीर परिणाम ला सकते हैं।
बीती रात एक की हुई थी मौत
गौरतलब है कि बीती रात बुधनी हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की टक्कर में एक की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। अब ग्राम बायां के पास दो ऑटो की भिड़ंत ने सलकनपुर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रहे हादसों के बीच अब सवाल जिम्मेदारों से है कि क्या सलकनपुर मार्ग पर ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी? क्या श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार जागेंगे?
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

