अनिल मालवीय, सीहोर। जहां एक ओर नियम और कानून की सीमाएं होती हैं, वहीं दूसरी तरफ जब खाकी में मानवीय संवेदना का समावेश होता है, तो वह केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं बल्कि जीवन रक्षक ढाल बन जाती है। ऐसा ही एक प्रेरक और हृदयस्पर्शी दृश्य कल शाम कुबेरेश्वर धाम क्षेत्र में देखने को मिला, जहां अपनी कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित सूझबूझ से तैनात पुलिस बल ने समय रहते एक श्रद्धालु को नवजीवन प्रदान किया।
मंगलवार शाम कुबेरेश्वर धाम मार्ग पर जनसैलाब के बीच अचानक एक श्रद्धालु अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा। अत्यधिक गर्मी, डिहाइड्रेशन और घबराहट के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक हो गई थी। हर तरफ असमंजस और अफरा-तफरी का माहौल बनने लगा, लेकिन ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने बिना एक क्षण गंवाए मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उस व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर लिटाया। भीड़ को नियंत्रित कर हवा के प्रवाह को सुगम बनाया और स्वयं अपने गमछे व कपड़ों से हवा देकर श्रद्धालु को सामान्य करने का प्रयास शुरू किया।
ये भी पढ़ें: ‘सोच-समझकर बनाएं गुरु…’, गुरु पूर्णिमा पर पंडित प्रदीप मिश्रा का बड़ा संदेश; बोले- कोई न मिले तो महादेव को चढ़ाएं एक लोटा जल
खाकी वर्दीधारियों का यह रूप देख मौके पर मौजूद लोग भावविभोर हो उठे। पुलिस की इस निस्वार्थ सेवा और प्राथमिक उपचार का ही सुखद परिणाम था कि कुछ ही देर में श्रद्धालु की चेतना लौट आई। होश में आते ही डॉक्टरों की देखरेख में उसकी आगे की चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ हर पीड़ित और जरूरतमंद की मदद करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाकी का असली उद्देश्य केवल नियंत्रण नहीं, बल्कि विश्वास और सेवा भाव जगाना है।
ये भी पढ़ें: कोर्ट के अंदर आई, फिर कहां गई? सिंगरौली में 5 साल के मासूम संग गायब हुई महिला, CCTV खंगाल रही पुलिस
कुबेरेश्वर धाम पर तैनात पुलिस बल न केवल सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए हुए है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए मित्र और रक्षक की भूमिका भी बखूबी निभा रहा है। सीहोर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार की अब चारों ओर जमकर तारीफ हो रही है। यह घटना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि जब भी सेवा का अवसर आता है, हमारी पुलिस सदैव एक प्रहरी और आत्मीय साथी के रूप में अग्रिम पंक्ति में खड़ी मिलती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


