अनिल मालवीय, इछावर (सीहोर)। मध्यप्रदेश के इछावर में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला सामने आया। जहां देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार (चाकू) चल गए। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहसीलदार के आदेश के बाद भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद एक कॉलोनी के पास स्थित 4 डिसमिल जमीन के कब्जे को लेकर है। बताया जा रहा है कि इस जमीन को लेकर कोर्ट तहसील में मामला चल रहा था, जिसमें बीते 30 अप्रैल को तहसीलदार ने रवि नामक व्यक्ति के पक्ष में फैसला सुनाया था। शुक्रवार को इसी जमीन पर कब्जे की बात को लेकर रवि और दूसरी पार्टी के लोग आमने-सामने आ गए। शुरुआत में उनके बीच कहासुनी हुई, जिसने जल्द ही एक भयानक हिंसक रूप ले लिया।
दोनों पक्षों से 3-3 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ही पक्षों के लोग लाठी, डंडे और धारदार चाकुओं से लैस थे। इस हमले में दोनों पक्षों की तरफ से 3-3 लोग कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इछावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति और शरीर पर चाकुओं के गहरे घाव होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज देकर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद के चलते दो पक्षों में मारपीट हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

