अनिल मालवीय, सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ इछावर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। इछावर कोर्ट के सामने स्थित ‘गोधन दलिया, मसाला उद्योग एवं विनायक नमकीन’ की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में फैक्ट्री में रखी नमकीन, मिर्च-मसाले, कच्चा माल और लाखों रुपये के उपकरण जलकर पूरी तरह खाक हो गए। अग्निकांड के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब राहगीर कोर्ट रोड से गुजर रहे थे, तब उन्होंने फैक्ट्री के भीतर से ऊंची उठती आग की लपटें और घना धुआं देखा। अनहोनी की आशंका देख राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई। नागरिकों ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अपने स्तर पर आग पर काबू पाने के भरसक प्रयास शुरू किए।
ये भी पढ़ें: DRI की बड़ी कार्रवाई: बैरिकेड तोड़कर भागे 3 तस्कर, 5.69 करोड़ की ड्रग्स जब्त, स्टेपनी में छिपाए थे 21 पैकेट
फायर ब्रिगेड की लापरवाही से आक्रोश
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने तुरंत इछावर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के 2 घंटे बाद तक भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। दमकल वाहन के समय पर न पहुंचने से आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। यदि समय रहते दमकल की गाड़ी पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख
नागरिकों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर किसी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखी सेव-नमकीन, तैयार व कच्चा मिर्च-मसाला, पैकेजिंग सामग्री और कीमती मशीनरी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित कारोबारी हरी गुप्ता ने बताया कि इस भीषण हादसे में उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

