अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के इछावर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा मंच से गरजते नजर आए। इस दौरान मंच पर प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और अन्य जन प्रतिनिधि भी मौजूद थे। जिनकी मौजदूगी में सरकार और विरोधियों पर जमकर हमला बोला।
स्वाभिमान और इतिहास पर कड़ा रुख
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज के लिए नहीं लड़े थे, बल्कि राष्ट्र और सनातन धर्म के लिए लड़े थे। उन्होंने कहा कि “यदि कोई हमारे स्वाभिमान, सम्मान, इतिहास या धर्म पर टिप्पणी करेगा, तो हम उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
सरकार और व्यवस्था पर सवाल
उन्होंने कहा कि वे किसी चुनाव या राजनीति के लिए काम नहीं करते। “हम चुनाव लड़ने वाले नहीं, लट्ठ मारने वाले लोग हैं।” उन्होंने सत्ता पक्ष और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार कभी सामने से नहीं लड़ती और समाज को बांटने का काम किया जाता है।
सांसद रामजी लाल सुमन और विरोधियों पर निशाना
आगरा के सांसद रामजी लाल सुमन के महाराणा सांगा और हिंदू समाज को लेकर दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब संसद में इस प्रकार के बयान दिए जाते हैं, तब भी विरोधियों को संरक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग हिंदू समाज और हमारी बहन-बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं, उन्हें सरकारी सुरक्षा क्यों दी जाती है?
दी ये चेतावनी
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कोई उनके स्वाभिमान और सम्मान को ठेस नहीं पहुंचाएगा, तब तक वे सम्मान करेंगे, लेकिन स्वाभिमान पर बात आने पर ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। मंच पर उपस्थित राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और अन्य अतिथियों की मौजूदगी में करणी सेना प्रमुख के इस आक्रामक भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से चर्चा में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



