अनिल मालवीय, सीहोर। शहर में बढ़ियाखेड़ी के पास अंजनी धाम कॉलोनी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां कॉलोनी निवासी छगनलाल के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आगजनी की इस घटना में पीड़ित परिवार को लगभग 12 लाख रुपये का भारी-भरकम नुकसान उठाना पड़ा है। गनीमत यह रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की बड़ी जनहानि होने से टल गई।
देखते ही देखते विकराल हो गई आग की लपटें
आग की लपटें अचानक घर के अंदर से उठती हुई दिखाई दीं और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घर के भीतर रखा सारा सामान आग की चपेट में आ गया। आग की तेज लपटों और काले धुंए के गुबार को देखकर आसपास के रहवासियों में भारी अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा खतरा
घटना की सूचना मिलते ही सीहोर फायर ब्रिगेड का अमला तुरंत हरकत में आया। दमकल विभाग के कर्मचारियों आरिफ खान, उपेंद्र और अतिक ने बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना घटनास्थल पर मोर्चा संभाला। फायर स्टाफ की सूझबूझ, तत्परता और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से सफलतापूर्वक रोक लिया गया।
परिवार के सामने खड़ा हुआ गंभीर संकट, मुआवजे की मांग
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में शादी का सामान, नकदी, गहने और खेती-किसानी का जरूरी सामान पूरी तरह राख हो जाने से परिवार के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस दुखद घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

