अनिल मालवीय, सीहोर। सीहोर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, भारी-भरकम बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर जन-आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। इसी कड़ी में आज इछावर में यूथ कांग्रेस के तत्वावधान में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार व विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला।
आजाद चौक से SDM कार्यालय तक पैदल मार्च
इछावर के आजाद चौक पर सुबह से ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्रित हुए। इसके बाद यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बोरछी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ उग्र नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च शुरू किया। हाथों में तख्तियां और ज्ञापन लेकर निकला यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सीधे तहसील व एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार गजेंद्र सिंह लोधी को मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारतीय युवा कांग्रेस ने विद्युत व्यवस्था और आम जनता से जुड़ी कई प्रमुख मांगें रखीं।
ज्ञापन में रखी गईं मुख्य मांगें
- अघोषित कटौती पर लगे लगाम: जिले और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही 8 से 10 घंटे की अघोषित बिजली कटौती को तुरंत बंद कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- बिजली शेड्यूल की सार्वजनिक जानकारी: कटौती का समय, कारण और अवधि सार्वजनिक रूप से घोषित की जाए ताकि किसानों और विद्यार्थियों को परेशानी न हो।
- स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलों की जांच: स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर हो रही धांधली, भारी-भरकम बिलों और गलत रीडिंग की निष्पक्ष जांच की जाए तथा मनमाने बिलों को सुधारा जाए।
- किसानों और छात्रों को राहत: कृषि कार्य, पेयजल और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त बिजली दी जाए।
- अधिकारियों की जवाबदेही तय हो: लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
पूरे क्षेत्र में बढ़ रहा है जन-आक्रोश
गौरतलब है कि सीहोर जिले के ग्रामीण इलाकों में बिजली की लचर व्यवस्था से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे एक दिन पहले ही अमलाहा क्षेत्र में ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर मार्च निकाला था।
मांगे पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में जल्द से जल्द सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और ओवरबिलिंग व स्मार्ट मीटर की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में उग्र चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

