अनिल मालवीय, इछावर (सीहोर)। आस्था के पर्व गणेश विसर्जन के दौरान पार्वती नदी के तट पर एक दर्दनाक दुर्घटना हो गई। एक युवक विसर्जन के दौरान पार्वती नदी के गहरे पानी में बह गया। युवक की पहचान 27 साल के ललित के रूप में हुई है। घटना मुंडला गांव के पास पार्वती नदी के घाट पर हुई है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठे हो गए।

​चिंताजनक स्थिति और प्रशासन की लापरवाही पर उठते सवाल

​विसर्जन उत्सव के दौरान सुरक्षा इंतजामों की भारी अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि त्योहार के बावजूद नदी घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, गोताखोरों की मौजूदगी या चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगाए गए थे। इतने बड़े आयोजन के दौरान पुख्ता सुरक्षा प्रबंध न होना सीधे तौर पर प्रशासन की घोर नाकामी को दर्शाता है।

​सर्च अभियान जारी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​दूसरी ओर, युवक ललित के डूबने की खबर के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के ढुलमुल रवैये को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। 

एएसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक ललित की तलाश पार्वती नदी के प्रवाह में लगातार की जा रही है। ललित आज 11 बजे अपने  भाइयों के साथ गणेश विसर्जन करने गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m